आजकल जैसे ही हम बाहर जाते हैं तो लगभग हर आधे किलोमीटर पर 2-4 दुकानो में खाने के व्यंजन परोसे जाते है और उन व्यजनों को अधिक आर्कषक और टेस्टी बनाने के लिए उसमें अलग अलग तरह के पदार्थ और Preservatives भी मिलाए जाते हैं, कई बार कुछ ऐसे भी Combinations तैयार होते हैं जो विरोधी आहार हो जाते है, जिसका अधिक मात्रा में सेवन करने से शरीर को कई तरह के नुकसान होते है। अक्सर शादियों और पार्टियों में भी कई तरह के अलग-अलग पकवान होते हैं और वहाँ लोग बिना सोचे कुछ भी खाते है और अगले दिन उनका पेट खराब होने लगता है या अन्य कई तरह की शिकायत होने लगती है। दरअसल ऐसे समारोह में लोग ये बिल्कुल भी ध्यान नहीं देते कि किस चीज के साथ क्या खाना चाहिए। बहुत से खाद्य पदार्थ ऐसे होते है जिनको एक साथ खाना हानिकारक होता है, जबकि अकेले वे बहुत ही लाभदायक होते है। ऐसे सभी खाद्य पदार्थों को आयुर्वेद की भाषा में विरुद्ध आहार कहा गया है, जिसके बारे में आगे विस्तृत चर्चा करेंगे।
 
शरीर की निर्मिती और स्थिती में आहार की अपनी महत्त्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए आयुर्वेद में आहार विषय का विस्तृत वर्णन मिलता है। कब खाएं? क्या खाएं? कैसे खाएं ? कितना खाएं ? और किसके साथ खाएं। ये सभी महत्त्वपूर्ण प्रश्न है और ऐसी बहुत सारे सुक्ष्मातिसुक्ष्म पहलुओं पर आयुर्वेद में विचार किया गया है।
 
कुछ खाद्य पदार्थ स्वभाव से ही हानिकारक होते है। कुछ खाद्य पदार्थ ऐसे होते है जो अकेले तो बहुत गुणकारी और स्वास्थ्यवर्धक होते है लेकिन जब इन्ही पदार्थों को किसी अन्य खाद्य पदार्थों के साथ लिया जाए तो फायदे की बजाय नुकसान ही ज्यादा होता है। इन्हें ही विरोधी आहार कहा जाता है, इसलिए खाना पकाते समय और खाना खाते समय इन चीजों का बहुत ध्यान रखना चाहिए क्योंकि विरुद्ध आहार के सेवन से कई तरह के रोगों का खतरा होता है जैसे नपुंसकता, अंधापन, सभी प्रकार के चर्मरोग, अजीर्ण, पेट फूलना, गैस, एसिडिटी, बदहजमी, बुखार, मलबद्धता, संतान दोष यहाँ तक कि कभी-कभी विरोधी आहार का सेवन करने से कभी-कभी Food Poisoning होकर तुरंत मृत्यु भी हो सकती है। कई बार हमें गंभीर बीमारियों का कारण पता नहीं चलता। असल में उनका कारण विरोधी आहार होता है, क्योंकि ये आहार अचानक नहीं पर लगातार सेवन करने से शरीर में दुष्प्रभाव दिखाते है।
 
विरोधी आहार कई तरह से बनाए गए है, जैसे-
1) देश विरुद्ध – जैसे उष्ण देशों में उष्ण वस्तुओं का सेवन, ठंडे देश में शीत वस्तुओं का और नमी वाले देशों में नमी पैदा करने वाले भोजन का सेवन विरोधी आहार है।
2) मात्रा विरुद्ध – घी और शहद का समान मात्रा में सेवन विष के समान है परन्तु अलग अलग दोनों अमृत के समान है।
3) दोषों को दृष्टि से विरुद्ध – वात प्रकृति के व्यक्ति को वात बढ़ाने वाले पित्त प्रकृति वाले व्यक्ति को पित्त बढ़ाने वाले और कफ बढ़ाने वाले पदार्थ कफ प्रकृति वाले व्यक्ति को नुकसान करते है।
4) मौसम की दृष्टि से विरुद्ध – ठंडी में सुखे पदार्थ खाना सेहत के लिए हानिकारक है।
5) संस्कार या पाक दृष्टि से विरुद्ध – जैसे ख‌ट्टे पदार्थों को तांबे या पीतल के बर्तन में पकाकर खाना।
6) पाचक अग्नि के दृष्टि से – मंद अग्नि वाले व्यक्ति को भारी चिकनाई युक्त और तीक्ष्ण अग्नि वाले को अल्प आहार नुकसान करता है।
7) वीर्य के दृष्टि से – उष्ण पदार्थ, ठंडी तासीर वाले पदार्थों के साथ मिलाकर खाना, अनानास अथवा मौसंबी को दही और लस्सी के साथ खाना, फ्रूट सलाद। यहाँ तक कि वीर्यविरूद्ध का सबसे बड़ा उदाहरण चाय है जिसमें चायपत्ती की तासीर गर्म और दुध की तासीर ठंडी होती है। दूध के साथ मछली का सेवन बहुत हानिकारक है। दही के साथ खीर, दूध, गर्म पदार्थ, खीरा, खरबुजा आदि न खाएं। खीर के साथ कटहल खटाई (नींबु, आम), सत्तु, शराब आदि न खाएं।
8) क्रम विरुद्ध – दूध पीने के बाद ख‌ट्टे फलों (नींबू, संतरा, मौसंबी अथवा खट्टी सब्जियों) का सेवन न करें। नहाने के पहले भोजन करना या भोजन करने के बाद नहाना क्रम विरूद्ध. है।
9) पाचन के आधार पर – जिन व्यक्तियों को कब्ज की शिकायत हो, ऐसे लोगों को ठंडे और रूखे खाद्य पदार्थ का सेवन और जिन्हें बार बार पैखाना आता हो उन्हें उष्ण खाद्यपदार्थों का सेवन नहीं करना चाहिए।

Viruddh Ahar10) शारीरिक अवस्था की दृष्टि से विरुद्ध – मोटे व्यक्तियों द्वारा ज्यादा स्नेहयुक्त पदार्थों का सेवन और दुबले व्यक्तियों द्वारा बहुत कम मात्रा में और रुखे आहार का सेवन हानिकारक है।
11) सात्म्य विरुद्ध – जिस व्यक्ति को जैसा आहार अनुकुल हो गया है (सात्म्य), उसे विपरीत आहार का सेवन हानि करता है।
12) परिहार विरुद्ध – मांस आदि खाने के बाद, उष्ण आहार का सेवन या खीर आइसक्रीम और लस्सी के बाद ठंडे पानी का सेवन परिहार विरूद्ध है।
13) पाक विरुद्ध – अधपका भोजन या अतिरिक्त पकाकर भोजन खाना पाक विरूद्ध है। चायनिस डिशेस पूरा ही विरूद्ध है, क्योंकि उनमें सब्जियाँ पूरी पकाई नहीं जाती।
14) हृदय विरुद्ध – जो आहार मनो अनुकूल न हो वह हृदय विरूद्ध है और अनमने मन से चिड़‌चिड़ करते हुए, नाराज होते हुए या भोजन के दोष देखते हुए खाने से वह पूरी तरह पचता नहीं है और अपचन जैसी बीमारीयां भी कर देता है।

15) संपद विरुद्ध – जिस आहार में अति रस हो या पूर्ण रूप से रस उत्पन्न नही हुआ है, ऐसे आहार का सेवन करना।
16) पाक विरुद्ध – दूषित या अनुचित लकड़ी या बर्तनों में आहार को पकाना और आधाकच्चा और जला हुआ आहार सेवन करना पाक विरूद्ध है।
17) उपचार विरुद्ध – स्नेहन स्वेदन करवाने के बाद तुरंत शीतल जल का सेवन, खाने के बाद निरूह बस्ति लेना और निरन्न अनुवासन बस्ति लेना सब उपचार विरूद्ध है।
18) विधी विरुद्ध – एकांत में, बिना हाथ पैर धोए, बेमन से भोजन विधी विरूद्ध है।

इष्ट जनों के साथ, स्वच्छ होकर, अग्नि और देवता. गौ आदि को अर्पण करके तन्मना होकर आहार को पुष्टिकारक और स्वास्थ्यवर्धक है ऐसे भाव से, जमीन पर बैठकर यदि भोजन किया जाए तो उस आहार के अमृतरूपी लाभ होते हैं।

खाना बनाते समय भी किन किन चीजों का उपयोग साथ में कर रहे है, उसका ख्याल रखना बहुत जरुरी है, जैसे आजकल कई बार पनीर बनाते समय दुध में रंग मिलाकर, पनीर में लगाकर रख देते है और उसी सब्जी में फिर पकाते दही का प्रयोग करते है, यह सब गलत है क्योंकि आहार जीवन का एक महत्त्वपूर्ण हिस्सा है, उसी पर संपूर्ण स्वास्थ्य टिका है। इसलिए खाना पकाते समय, खाना परोसते समय और खाना खाते समय बड़ी सावधानी रखनी चाहिए। किन किन पदार्थों को मिलाकर खाएं अथवा किसे आपस में नहीं मिलाना है इसकी जानकारी अवश्य होनी चाहिए, तभी हम आहार से संपूर्ण स्वास्थ्य लाभ ले सकेंगे।

डॉ. नम्रता चौरागडे
भोपाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top